मशहूर ओडिया सिंगर मुरली महापात्रा का रविवार 2 अक्तूबर को उस वक्त निधन हो गया, जब वह ओडिशा के कोरापुट जिले में दुर्गा पूजा के एक कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे। यह जानकारी उनके परिजनों ने दी। ओड़िशा के मशहूर सिंगर मुरली महापात्रा की फैन फॉलोइंग अच्छी खासी थी। मुरली का यूं चले जाना फैंस के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। बताया जा रहा है कि काफी समय से सिंगर मुरली महापात्रा की तबीयत खराब चल रही थी। जेयपोर कस्बे में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने चार गाने गाए। इसके बाद वह अचानक कुर्सी से स्टेज पर गिर गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

ओडिया सिंगर के भाई विभूति प्रसाद महापात्रा ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने की वजह से रविवार रात मुरली महापात्रा का निधन हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुख जाहिर किया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि मशहूर गायक मुरली महापात्रा के निधन से बेहद दुखी हूं। उनकी सुरीली आवाज हमेशा श्रोताओं के दिल में गूंजती रहेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

मुरली महापात्रा के दोस्त प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि मुरली ने दर्शकों को अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। साथ ही, कहा था कि अगर उनसे कोई गलती हो जाए तो क्षमा कर दें। इसके बाद अचानक वह कुर्सी से गिर गए और इस दुनिया को अलविदा कह गए। बता दें कि महापात्रा सरकारी कर्मचारी भी थे। वह जेयपोर में सब-कलेक्टर के पद पर तैनात थे। सात महीने बाद वह इस पद से सेवानिवृत्त होने वाले थे।

मुरली महापात्रा के अचानक निधन से लोगों को सिंगर केके की याद आ गई। दअरसल, इस साल कोलकाता में एक कॉन्सर्ट के दौरान केके गाने गा रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया था।